लखनऊ। रविवार को फाल्ट होने खंभे और ट्रांसफार्मर में आग लगने से घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। भूतनाथ मार्केट के ट्रांसफार्मर में शाम 6.30 बजे आग लग गई। इससे बाजार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन कारोबारियों ने उपकेंद्र पर फोरक बिजली बंद कराई। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
वसंतकुंज उपकेंद्र के फरीदीपुर में रातभर बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे। शारदानगर विस्तार उपकेंद्र के चन्द्रावल फीडर से जुड़े नटकुर सहित दो दर्जन गांवों में रविवार रात करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। रात 12:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक अघोषित कटौती के कारण पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहा।
भीषण गर्मी में बिजली जाने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का हाल बेहाल हो गया और लोग रातभर जागने को मजबूर रहे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि दर्जनों बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारियों और अवर अभियंता ने फोन तक नहीं उठाया। एकलव्य नगर इलाके में स्थित खंभे में देर रात आग लग गई। इसके कारण इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
राजभवन डिवीजन के क्लाइड रोड पावर हाउस में स्थानीय लोगों ने फोन कर सूचना भी दी, लेकिन देर रात तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। वहीं, चिनहट इलाके में देर शाम तक करीब तीन घंटे तक 4 हजार से अधिक की आबादी बिजली कटौती से परेशान रही।












