लखनऊ। गोमती नगर के विराज खण्ड में एलडीए लेक व्यू अपार्टमेंट बनाएगा। इसमें लगभग 2300 वर्गफिट क्षेत्रफल के 646 प्रीमियम फ्लैट्स होंगे। सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप, 1000 से अधिक वाहनों की पार्किंग आदि की सुविधा होगी। साथ ही लोगों की व्यावसायिक जरूरतें पूरी करने के लिए कॉमर्शियल दुकानें भी होंगी। फ्लैट की कीमत लगभग 1.13 करोड़ रूपये होगी।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिये हैं। जिसके तहत 19 मई से 18 जून, 2026 के मध्य फ्लैटों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। पंजीकरण सिर्फ और सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा। इसके लिए फ्लैट के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि लेक व्यू अपार्टमेंट विराज खण्ड में बेहद प्राइम लोकेशन पर बनेगा। परियोजना से कुछ ही मिनटों की दूरी पर शहीद पथ, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, अवध बस स्टेशन, सिनेपॉलिस मॉल, हॉस्पिटल, स्कूल आदि प्रमुख स्थल मिल जाएंगे। साथ ही अपार्टमेंट के पास स्थित झील के परिक्षेत्र में एंटरटेन्मेंट जोन एवं जॉगिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा।
लेक व्यू अपार्टमेंट में 19 मंजिल के 03 टावर होंगे, जिनकी ऊंचाई लगभग 60 मीटर होगी। अपार्टमेंट में 03 बीएचके प्लस सर्वेंट श्रेणी के कुल 646 फ्लैट होंगे। प्रत्येक फ्लैट 2340 वर्गफिट क्षेत्रफल (सुपर एरिया) का होगा, जिसकी कीमत 1.13 करोड़ रूपये निर्धारित की गयी है। इस पूरे रीजन में निजी विकासकर्ताओं द्वारा निर्मित किये जा रहे अपार्टमेंट्स की तुलना में लेक व्यू अपार्टमेंट के फ्लैट की कीमत काफी कम होगी।
अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि लेक व्यू अपार्टमेंट का निर्माण लगभग 760 करोड़ रूपये की लागत से कराया जाएगा। प्रोजेक्ट को 03 वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और 05 वर्ष के भीतर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा प्रदान कर दिया जाएगा। फ्लैट के लिए पंजीकरण कराने वाले आवेदकों को आवंटन के पश्चात 36 महीने की किश्तों में पूर्ण धनराशि जमा करानी होगी। वहीं, 45 से 90 दिनों में पूर्ण धनराशि जमा करने पर 6 से 4 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।











