बिजनौर। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के मद्देनज़र सोने की खरीद को लेकर प्रशासन ने सर्राफा व्यापारियों के साथ अहम बैठक आयोजित की। उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर बिजनौर संजय सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील और मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा सर्राफा एसोसिएशन एवं व्यापारियों के साथ बैठक कर स्थिति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी कार्यालय में 16 मई को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले कुछ महीनों तक अनावश्यक सोना खरीदने से बचना देशहित में आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आयातित सोने का बड़ा हिस्सा बुलियन और गोल्ड बार के रूप में बिकता है। ऐसे में बुलियन और गोल्ड बार की बिक्री में कमी आने से सोने के आयात में कमी होगी और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाला दबाव भी घटेगा।
प्रशासन ने सर्राफा कारोबारियों से देशहित को प्राथमिकता देते हुए ठोस सोना (बुलियन) और गोल्ड बार की बिक्री से परहेज करने का आग्रह किया। साथ ही लोगों को पुराने स्वर्ण आभूषणों को रिसाइकिल और रिडिजाइन कर नए आभूषण बनवाने के लिए प्रोत्साहित करने की भी अपील की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन से अनावश्यक सोना खरीदने से बचने और इस संबंध में जागरूकता फैलाने की अपील की।
सर्राफा व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि जनपद के व्यापारी मुख्यमंत्री के आह्वान के साथ हैं और प्रशासन के सुझावों का सहयोग करेंगे। बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारियों के साथ सर्राफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कपिल अग्रवाल, महामंत्री विष्णु अग्रवाल, मंत्री अक्षत अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी एवं संगठन के सदस्य मौजूद रहे।












