बहराइच के नवाबगंज विकासखंड क्षेत्र में दैनिक भास्कर की 17 मई को प्रकाशित खबर ‘सूखी नहर ने बढ़ाई मुसीबत, पानी को तरस रहे खेत और पशु पक्षी किसानों को सिंचाई में होगी परेशानी’ का असर दिखा है। खबर छपने के बाद आज सरयू नहर खंड 3 से संचालित होने वाली नहरों और माइनरों में पानी का बहाव शुरू हो गया है। नहरों में पानी आने से किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई में बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही, भीषण गर्मी के बीच पशु-पक्षियों और आवारा जानवरों को भी अपनी प्यास बुझाने का अवसर मिला है, जिससे उन्हें काफी सुकून महसूस हो रहा है। किसानों और जनप्रतिनिधियों ने नहर विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है। किसान धनीराम, रमेश, चंद्रशेखर, अर्जुन और ओम पाठक ने बताया कि इन दिनों तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे जमीन सूख रही है और भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है। कई नलों ने पानी देना बंद कर दिया था, और तालाब, पोखर तथा गड्ढे भी सूख गए थे। ऐसे में नहर में पानी का संचालन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आया है। दैनिक भास्कर ने 17 मई को इस समस्या को प्राथमिकता से प्रकाशित किया था। इसके बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और नहरों में पानी संचालित करने का निर्देश दिया। नहर में पानी आने से किसानों, पशु-पक्षियों और जानवरों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।
दैनिक भास्कर की खबर का असर, नहर में आया पानी:नवाबगंज क्षेत्र के किसानों, पशु-पक्षियों को मिली राहत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












