Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)रेडक्रास ने जिला अस्पताल में निःशुल्क प्याऊ शुरू किया:हीटवेव से बचाने की...

रेडक्रास ने जिला अस्पताल में निःशुल्क प्याऊ शुरू किया:हीटवेव से बचाने की पहल, डीएम बोलीं- पानी के साथ गुड़ और ओआरएस पैकेट भी रहेगा उपलब्ध


श्रावस्ती में भीषण गर्मी के बीच आम नागरिकों को हीटवेव और हीटस्ट्रोक से बचाने के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ने संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में निःशुल्क प्याऊ शुरू किया है। सोसाइटी की अध्यक्ष और जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया और स्वयं जल सेवा भी की। इस अवसर पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी में शरीर को निर्जलीकरण से बचाने के लिए नियमित रूप से पानी पीना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि अक्सर लोग कामकाज की व्यस्तता के कारण पानी पीने से बचते हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे पैदा हो सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि इस प्याऊ पर केवल ठंडा पानी ही नहीं, बल्कि गुड़ और ओआरएस के पैकेट भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग किया जा सके। उनका मानना है कि प्याऊ की उपलब्धता से लोगों में पानी पीने की आदत विकसित होगी, जो हीटवेव के दुष्प्रभावों से बचाव में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, नर्सिंग होम और अन्य संस्थानों से सार्वजनिक स्थलों पर ऐसे प्याऊ शुरू करने की अपील की। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि हीटवेव से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव और आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने जानकारी दी कि आगामी 15-16 जून तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे हीटवेव का खतरा बना रहेगा। उन्होंने बताया कि गर्म मौसम में नागरिकों को कई प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जिनसे बचाव के लिए रेड क्रॉस सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि यह रेड क्रॉस द्वारा शुरू किया गया पहला प्याऊ है। आने वाले दिनों में जनपद के प्रमुख स्थानों पर और भी प्याऊ शुरू किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, नगर निकाय और पंचायत विभाग भी लगातार नागरिकों तथा पशु-पक्षियों के लिए पेयजल की व्यवस्था कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments