सिद्धार्थनगर के जोगिया क्षेत्र में नेशनल हाईवे 28 पर राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। यह घटना एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुई। घटना आज सुबह लगभग 9:00 बजे करौंदा मसिना चौराहे पर पुल के पास हुई। बस सिद्धार्थनगर बस स्टेशन से बांसी की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, जिससे बस में सवार सभी यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए। बस के खाई में गिरने के तुरंत बाद चौराहे पर मौजूद ग्रामीण मदद के लिए मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जोगिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह ने बताया कि बस के खाई में गिरने की सूचना पर पुलिस तुरंत पहुंची थी। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। मौके पर ग्राम प्रधान प्रभु दयाल, रंजीत, प्रवीण, अनिल, मोहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
सिद्धार्थनगर में परिवहन निगम की बस खाई में गिरी:बाइक सवार को बचाते समय अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खाई में उतरी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












