बहराइच के शिवपुर विकासखंड स्थित मंगलपुरवा गांव में शुक्रवार शाम एक 12 वर्षीय बालिका पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घास काटने गई किशोरी इस हमले में घायल हो गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ किशोरी को छोड़कर पास के गन्ने के खेत में भाग गया। मंगलपुरवा गांव की निवासी रुचा अपनी सहेलियों के साथ शुक्रवार शाम करीब चार बजे गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर सरयू नदी के कछार में घास काटने गई थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही रेंजर पीयूष गुप्ता और वन दरोगा बृजेश वर्मा सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तेंदुए के पैरों के निशानों के आधार पर तलाश अभियान शुरू कर दिया है। रेंजर पीयूष गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल दो वन रेंज की सीमा पर है। एहतियात के तौर पर दोनों ओर पिंजड़े लगाए गए हैं। वन विभाग की टीम को गांव में तैनात कर दिया गया है और ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी जा रही है।
बहराइच में किशोरी पर तेंदुए का हमला:वन विभाग ने पिंजरा लगाया, तलाश अभियान जारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












