हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गहरौली खुर्द गांव में शुक्रवार को घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने जहर की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार को सुरेंद्र कुमार की 30 वर्षीय पत्नी अंशु ने अपने पति को एक अन्य महिला के साथ देख लिया। इसका विरोध करने पर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि सुरेंद्र कुमार ने अंशु के साथ मारपीट भी की, जिससे मामला और बढ़ गया।
घरेलू विवाद से आहत अंशु ने गुस्से में आकर सल्फास की जहरीली गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया।
बताया गया है कि घटना से पहले अंशु ने यूपी-112 पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरेंद्र कुमार को हिरासत में लेकर मौदहा कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि महिला का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। उसके पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच कराई जा रही है।












