HomeHealth & Fitnessबिहार में अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की होगी नियुक्ति...

बिहार में अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की होगी नियुक्ति : मुख्यमंत्री

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास में शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। शिक्षा विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने शिक्षा विभाग के कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं भावी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी बच्चों को अच्छी और गुणवतापूर्ण शिक्षा मिले, इसे लेकर हमारी सरकार लगातार प्रयासरत है। इस दिशा में आज शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिया गया है।

इसके तहत अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी, जिसके अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष कम से कम लगभग 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। इसके लिये हर वर्ष जुलाई महीने में नियुक्ति संबंधी विज्ञापन जारी किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों के स्थानान्तरण को पारदर्शी एवं सुगम बनाने को लेकर शिक्षा विभाग को निदेशित किया गया है कि महिला शिक्षकों का स्थानान्तरण यथासंभव गृह जिले के अपने प्रखण्ड के गृह पंचायत के बगल के पंचायत में तथा पुरूष शिक्षकों को गृह जिले के अपने गृह प्रखण्ड के बगल के प्रखण्ड में स्थानान्तरण करने हेतु नीति बनायी जाय।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति जीविका के माध्यम से किया जाय। इससे पोशाक की ससमय आपूर्ति के साथ महिला स्वावलंबन को भी बल मिलेगा।

बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल, माध्यमिक शिक्षा के निदेशक साजन राजसेकर, प्राथमिक शिक्षा के निदेशक विक्रम वीरकर उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments