Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)रानीपुर में बकरीद पर पीस कमेटी बैठक:त्योहार को लेकर कुर्बानी, साफ-सफाई पर...

रानीपुर में बकरीद पर पीस कमेटी बैठक:त्योहार को लेकर कुर्बानी, साफ-सफाई पर चर्चा; भाईचारे के साथ मनाने की अपील


बहराइच के रानीपुर थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को लेकर एक विशाल पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक ने क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द की नई मिसाल पेश की, जिसमें भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, पत्रकारों, समाजसेवियों और क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों की भारी उपस्थिति रही। थाना परिसर लोगों से खचाखच भरा हुआ था, जहां अमन, शांति और भाईचारे पर चर्चा हुई। ईद-उल-अजहा के पर्व को लेकर कुर्बानी, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और ईदगाह की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने लोगों से हर वर्ष की तरह इस बार भी शांति और प्रेम के साथ त्योहार मनाने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने का आग्रह किया गया। बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी का संबोधन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। उनके शब्दों ने उपस्थित सभी लोगों को प्रभावित किया। उन्होंने कहा, “ईद हो, दीपावली हो या होली, हमारे त्योहार घर पर नहीं, बल्कि आप सभी लोगों के बीच ही होते हैं। जब आप सभी खुशी और शांति के साथ त्योहार मनाते हैं, वही हम सबकी सबसे बड़ी खुशी होती है। लेकिन जब किसी पर्व पर विवाद होता है और मुकदमा दर्ज करना पड़ता है, तो हम लोगों को भी बहुत दर्द होता है। इसलिए त्योहार को प्रेम और भाईचारे के साथ मनाइए।” सीओ हर्षिता तिवारी के इस बयान के बाद पूरा थाना परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोगों ने उनके संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा अधिकारी क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments