जनगणना कार्य में महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हुए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें जनपदवासी-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। भारत सरकार, गृह मंत्रालय, भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जनगणना-2027 का प्रथम चरण ’’मकान सूचीकरण एवं आवास गणना’’ जनपद श्रावस्ती में दिनांक 22 मई 2026 से प्रारम्भ कर दिया गया है, जो 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। आज दूसरे दिन भी जनगणना कार्मिकों द्वारा डोर-टू-डोर भ्रमण कर “मकान सूचीकरण एवं आवास गणना” कार्य किया गया। 
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में नियुक्त प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर परिवार, आवास, उपलब्ध सुविधाओं एवं सामाजिक-आर्थिक जानकारी का संकलन करेंगे। समस्त जनसामान्य से अपेक्षा की जाती है कि वे जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें। जनगणना कार्य पूर्णतः गोपनीय होगा तथा जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के अंतर्गत प्राप्त सूचनाओं का उपयोग केवल सांख्यिकीय प्रयोजनों हेतु किया जाएगा। जिलाधिकारी ने समस्त जनपद वासियों से अपील किया है कि जनगणना कार्य में महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हुए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।












