बहराइच के विशेश्वरगंज विकासखंड स्थित गुलरिहा ग्राम सभा में ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली का आयोजन किया गया। प्राथमिक विद्यालय गुलरिहा और प्राथमिक विद्यालय संत जगीर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली को खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करना और अभिभावकों व ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना था। विद्यालय के शिक्षकों की देखरेख में बच्चों ने हाथों में तख्तियां और जागरूकता संदेश लिए उत्साह के साथ रैली निकाली। इस दौरान बच्चों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े नारों के माध्यम से ग्रामीणों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और अभियान की सराहना की। रैली के समापन के बाद खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार मिश्र ने प्राथमिक विद्यालय गुलरिहा में विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने कंपोजिट ग्रांट से खरीदे गए स्मार्ट टीवी का भी अनावरण किया। इस अवसर पर, खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्मार्ट टीवी बच्चों की पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बनाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में बच्चों की शैक्षिक उपलब्धियों, विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने विद्यार्थियों की अच्छी उपस्थिति, उनकी शैक्षिक प्रगति और गणवेश में सुसज्जित छात्रों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत और लगन से ही विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार होता है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान नीरज सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, प्रभारी प्रधानाध्यापक विवेक विक्रम सिंह, शिक्षक पीयूष रंजन मिश्र, निहारिका दीक्षित, अनुपमा सिंह, आंगनबाड़ी सहायिका अमिता पाल, प्राथमिक विद्यालय संत जगीर के प्रभारी प्रधानाध्यापक चंद्रपाल सिंह, शिक्षक संकुल अंकित सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बहराइच में स्कूल चलो अभियान रैली:गुलरिहा में खंड शिक्षा अधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












