Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे तीन बदमाश गिरफ्तार:बस्ती में मुठभेड़ के...

पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे तीन बदमाश गिरफ्तार:बस्ती में मुठभेड़ के बाद तमंचे, कारतूस और बम बरामद

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार तड़के करीब 2.10 बजे मुड़घाट पुल के पास घेराबंदी कर इन्हें पकड़ा। ये बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे थे। इनके कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और एक देशी सूतली बम बरामद हुआ है। पुलिस को टोल प्लाजा के पास 8 से 10 मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों के बारे में सूचना मिली थी। ये युवक लाठी-डंडा, हॉकी, तमंचा और बम के साथ किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मोती चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक बड़ेवन की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की। अंधेरे और ट्रैफिक का फायदा उठाकर कुछ आरोपी फरार हो गए। हालांकि, एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को मुड़घाट पुल के पास पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो अवैध तमंचे (315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, एक जिंदा देशी सूतली बम, तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 260 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवांश सिंह उर्फ हर्ष (निवासी तुर्कहिया), अली खान उर्फ गोलू (निवासी तुर्कहिया) और अहमद खान (निवासी जयपुरवा, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि अवैध तमंचे और देशी बम उनके फरार साथियों ने उपलब्ध कराए थे। उन्हें बम बनाने और फेंकने का प्रशिक्षण भी दिया गया था। सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के अनुसार, अली खान और अहमद खान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है और इसके लिए टीमें गठित की गई हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments