HomeHealth & Fitnessबरेली में चैम्बर ऑफ कॉमर्स की 61वीं वार्षिक आम सभा सम्पन्न, दिया...

बरेली में चैम्बर ऑफ कॉमर्स की 61वीं वार्षिक आम सभा सम्पन्न, दिया गया एक्सीलेंस अवार्ड

बरेली । व्यापार और उद्योग जगत से जुड़े उद्यमियों के सम्मान और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेन्ट्रल यू.पी. चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से रविवार रात को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में 61वीं वार्षिक आम सभा एवं चैम्बर एक्सीलेंस अवार्ड 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापार, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल रहे, जबकि एसआरएमएस ट्रस्ट के चेयरमैन देव मूर्ति और आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने संस्था अध्यक्ष राजीव शिंघल, सचिव अल्पित अग्रवाल, नव निर्वाचित सचिव शरद अग्रवाल और पूर्व पदाधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने कहा कि संस्था की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और व्यापार एवं औद्योगिक विकास में चैम्बर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वहीं देव मूर्ति और दिनेश गोयल ने संस्था के 60 वर्षों से अधिक समय से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

संस्था अध्यक्ष राजीव शिंघल ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। पूर्व कोषाध्यक्ष शेखर अग्रवाल ने बीते वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया।

पूर्व सचिव अल्पित अग्रवाल ने पिछले वर्ष आयोजित कार्यक्रमों का ब्याेरा दिया। उन्होंने कहा कि उद्योग बंधु बैठकों के माध्यम से व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाया गया। उन्हाेंने नव निर्वाचित सचिव शरद अग्रवाल को पदभार सौंपा, जबकि पूर्व कोषाध्यक्ष शेखर अग्रवाल ने राहुल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष का कार्यभार सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं।

अध्यक्ष राजीव शिंघल ने कहा कि संस्था व्यापार और उद्योग की प्रगति के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही विभिन्न सरकारी विभागों के समन्वय से एक विशेष सेमिनार आयोजित करने और व्यापार और उद्योग से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव कराने की बात

कही।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों और सामाजिक हस्तियों को चैम्बर एक्सीलेंस अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अल्पित अग्रवाल और दिनेश अग्रवाल, ऑटोमोबाइल व फाइनेंस क्षेत्र में अभिनव कटरू, सौर प्रणाली एकीकरण में अभव जसोरिया, स्वास्थ्य एवं सौंदर्य उत्पादों में रवि अग्रवाल, शिक्षा एवं सांस्कृतिक कार्यों में आदित्य मूर्ति, प्राकृतिक स्वास्थ्य सेवाओं में डॉ. महेंद्र सिंह बासु, भवन निर्माण एवं ज्वैलरी क्षेत्र में भावेश कुमार अग्रवाल, मिनरल वाटर क्षेत्र में शेखर अग्रवाल, राष्ट्रीय रक्षा प्रणाली में ललेश सक्सेना, अर्बन हाट विस्तार में संदीप झावर और होटल व्यवसाय में गिरीश ओबरॉय को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष किशोर कटरू ने किया। इस दौरान कई नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। देर रात तक आयोजित म्यूजिकल नाइट में सदस्य परिवारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments