गाजीपुर। सोमवार को गाजीपुर कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई जब मुगलानी चक निवासी संजीत चौहान एसडीएम कोर्ट के सामने लगे 70 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक डीएम-एसपी को मौके पर बुलाने और समस्या के तत्काल समाधान की मांग पर अड़ा है। सूचना मिलते ही परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई।
पीड़ित के बड़े भाई रंजीत चौहान ने बताया कि उनका परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है और 5 पीढ़ियों से मुगलानी चक में रह रहा है। उनके पास जमीन के सभी वैध दस्तावेज हैं। आरोप है कि स्थानीय जमींदार फर्जी कागजात से कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। हाईकोर्ट से पक्ष में फैसला आने के बाद भी तहसील से कार्रवाई और निर्माण जारी है।
मौके पर एसडीएम सदर, एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी शेखर सेंगर समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। माइक से युवक को सुरक्षित उतरने की अपील की गई। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया। पुलिस-राजस्व की टीमें युवक को समझाने में जुटी हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
संजीत का कहना है कि जब तक डीएम-एसपी मौके पर आकर उसकी बात नहीं सुनेंगे, वह नीचे नहीं उतरेगा। जमीनी विवाद और प्रशासनिक लापरवाही से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
रंजीत चौहान ने राजस्व विभाग और भू-माफियाओं की मिलीभगत का आरोप लगाया। कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। केवल प्रभावशाली और पैसे वालों की सुनी जा रही है। इसी से तंग आकर भाई टावर पर चढ़ा। घटना की जानकारी पर युवक के परिजन भी कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और हाई वोल्टेज ड्रामा जारी है।












