श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के रानीसीर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता नगमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव 1 जून को ससुराल के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की सास नजमी के अनुसार, घटना के समय नगमा घर में अकेली थी। उनके पति शाहबाज अपने पिता को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने गए थे, जबकि नजमी सुबह बकरी चराने गई थीं। लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो रोशनदान से झांककर देखा गया, जहां नगमा का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। बताया गया है कि नगमा के पति और ससुर विदेश में मजदूरी करते हैं और समय-समय पर घर आते रहते थे। वहीं, मृतका के मायके पक्ष के लोग वर्तमान में मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। मृतका के पिता असगर अली गोंडा जनपद के विशुनापुर निवासी हैं ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही पति शाहबाज, ससुर कमाल खां और सास गुलनाज द्वारा चार पहिया वाहन और दो लाख रुपये नकद की अतिरिक्त दहेज मांग की जाने लगी थी। पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर नगमा के साथ मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना की जाती थी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर 1 जून की सुबह करीब 9 बजे नगमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्हें घटना की सूचना पड़ोसियों से मिली, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति शाहबाज, ससुर कमाल खां और सास गुलनाज के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
श्रावस्ती में महिला का शव फंदे से लटका मिला:पिता बोले- दहेज की मांग बना बेटी की मौत की वजह, पति-ससुर और सास पर केस
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












