Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में छज्जा गिरने से युवती की मौत:मौसा के घर कपड़े उतारते...

बहराइच में छज्जा गिरने से युवती की मौत:मौसा के घर कपड़े उतारते समय हुआ हादसा


उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। खैरीघाट इलाके में अपने मौसा के घर आई 18 वर्षीय युवती की छज्जा गिरने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम की है, जब युवती घर के दरवाजे के ऊपर बने छज्जे से कपड़े उतार रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, खैरीघाट थाना क्षेत्र के दीवान पुरवा निवासी सुमिरन के घर उनके साले गिरधारी की बेटी मंजू (18) घूमने आई थी। शुक्रवार शाम मंजू घर के दरवाजे के सामने लगे छज्जे से सूखे कपड़े उतार रही थी। इसी दौरान अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया और मंजू उसके मलबे में दब गई। छज्जा गिरने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में मलबा हटाकर मंजू को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों में इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलने पर खैरीघाट थाना प्रभारी प्रदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि युवती की मौत छज्जा गिरने से हुई है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments