#बस्ती_न्यूज
बस्ती पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नौ महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अवैध शराब की खेप ले जा रहे ट्रक से फरार होने का आरोप है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हरियाणा के झज्जर जिले के बादली थाना क्षेत्र स्थित खेडका गुज्जर निवासी प्रहलाद पुत्र सुखदेव के रूप में हुई है। वह थाना कोतवाली में दर्ज अवैध शराब तस्करी के एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह मामला 9 सितंबर 2023 का है। उस दिन बस्ती टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की गई थी। कार्रवाई के दौरान चालक प्रहलाद पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी। फरारी के दौरान आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। साथ ही, धारा 87 बीएनएसएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत कुर्की उद्घोषणा की कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने उसके निवास स्थान पर मुनादी कराकर न्यायालय के आदेशों का पालन कराया, लेकिन वह लगातार पुलिस की पकड़ से दूर रहा। प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने टोल प्लाजा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी प्रहलाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
25 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार:नौ महीने बाद पकड़ा गया, हरियाणा से जुड़े तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












