Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)आज से पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू:सिद्धार्थनगर में 22 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा,...

आज से पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू:सिद्धार्थनगर में 22 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा


पुलिस भर्ती परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई है। आठ, नौ और 10 जून तक चलने वाली इस परीक्षा में लगभग 22 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें लगातार निगरानी करेंगी। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने परीक्षा से पूर्व अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। सभी केंद्रों के प्रत्येक कक्ष पर सीसीटीवी की नजर रहेगी और कंट्रोल रूम से इनकी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके। यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, जहां प्रवेश द्वार पर उनकी सघन जांच और पहचान पत्र व प्रवेश पत्र का सत्यापन किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। किसी भी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर उसे परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। केंद्र व्यवस्थापकों को भी परीक्षा संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

केंद्रों के आसपास रहेगा सुरक्षा घेरा परीक्षा केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने परखी तैयारियां शोहरतगढ़ स्थित शिवपति इंटर कॉलेज और शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्टैटिक मजिस्ट्रेटों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी संचालन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिले में बनाए गए हैं 10 परीक्षा केंद्र
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले में बुद्ध विद्यापीठ इंटर कॉलेज बर्डपुर, शिवपति पीजी कॉलेज शोहरतगढ़, शिवपति इंटर कॉलेज शोहरतगढ़, बाबा हरिदास इंटर कॉलेज उस्का बाजार, मुस्लिम इंटर कॉलेज महदेइया, तिलक इंटर कॉलेज बांसी, रतनसेन इंटर कॉलेज बांसी, जवाहरलाल नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज नौगढ़, राजकीय इंटर कॉलेज पचमोहनी तथा जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

प्रशासन की परीक्षा पर पैनी नजर
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अधिकारियों का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments