सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने मंगलवार को कपिलवस्तु क्षेत्र में चल रही निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जिले के प्रमुख पर्यटन एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कई कार्यों की प्रगति अपेक्षा से धीमी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी परियोजना “कपिलवस्तु का समेकित विकास” कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि यह निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरा होता नहीं दिखा और निर्माण की गति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन विपश्यना केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने टूरिस्ट इन्फॉर्मेशन सेंटर, प्रशासनिक भवन, मेस ब्लॉक, पुरुष एवं महिला आवासीय परिसर, गार्ड रूम, सब स्टेशन रूम और मेडिटेशन ब्लॉक सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। इसका उद्देश्य पर्यटन और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नियमित निगरानी कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने विपश्यना पार्क का भी निरीक्षण किया। पार्क की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करने के बाद उन्होंने संबंधित विभाग को इसे शीघ्र क्रियाशील करने और आमजन तथा पर्यटकों के उपयोग के लिए तैयार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक आशुतोष उपाध्याय सहित पर्यटन विभाग और कार्यदायी संस्था के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी की इस सख्ती के बाद अब कपिलवस्तु क्षेत्र की लंबित परियोजनाओं में तेजी आने की उम्मीद है।
कपिलवस्तु विकास परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी सख्त:अधिकारियों को लगाई फटकार, कार्रवाई के निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












