HomeHealth & Fitnessफतेहाबाद के हिसार रोड स्थित शटरिंग की दुकान में भीषण आग, लाखों...

फतेहाबाद के हिसार रोड स्थित शटरिंग की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान खाक

फतेहाबाद। फतेहाबाद के हिसार रोड स्थित नई सब्जी मंडी के सामने ओम टिंबर शटरिंग दुकान में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। दुकान में रखा भारी मात्रा में बांस, सीढ़ियां, पॉलीथीन और लकड़ी का सामान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाडिय़ां और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, हालांकि पॉलीथीन होने के कारण काफी देर तक धुआं उठता रहा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीएसपी रोड निवासी जयप्रकाश की सब्जी मंडी के सामने ओम टिंबर के नाम से शटरिंग की दुकान है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब वे दुकान पर पहुंचे, तो उन्होंने पिछले हिस्से से आग की ऊंची लपटें और धुआं उठते देखा। दुकान में बांस और पॉलीथीन जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही डेरा सच्चा सौदा के सेवादार तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर दुकान में रखे लकड़ी के सामान को फटाफट बाहर निकालना शुरू किया। वहीं, सूचना पाकर दमकल विभाग की एक के बाद एक चार गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और तेजी से पानी की बौछारें शुरू कीं। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य आग को तो बुझा दिया गया, लेकिन पॉलीथीन के मलबे के नीचे दबी आग रह-रहकर सुलगती रही। शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। दुकान मालिक जयप्रकाश ने बताया कि रातभर तेज आंधी चल रही थी, जिसके कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments