सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के दुद्धी थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व खेमा नदी के पुलिया के नीचे मिले युवक की पहचान हाे गयी है। हत्या करने वाले युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार युवक का आरोपित की पत्नी के साथ अवैध संबंध था और बार -बार मना करने पर भी जब नहीं माना तो उसकी हत्या कर दी।
एएसपी अनिल कुमार ने गुरुवार को बताया कि 09 जून को महुअरिया निवासी जय सिंह ने दुद्धी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके भाई समासिंह गोड़ की हत्या कर दी गई है और शव खेमा नदी के पुलिया के नीचे पड़ा है। घटना की सुचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम व अधिकारी पहुंची और दुद्धी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास शुरु किए गए। कोतवाली दुद्धी पुलिस टीम ने गुरुवार को बघाड़ू-भीसूर रोड स्थित प्रथम पुलिया के पास से अभियुक्त राजेन्द्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल एवं एक चाकू भी बरामद किया गया है।
एएसपी अनिल कुमार ने बताया की गिरफ्तार अभियुक्त राजेन्द्र विश्वकर्मा ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसकी पत्नी का मृतक समासिंह गोड़ के साथ अवैध संबंध था। वह कई बार समासिंह गोड़ को अपनी पत्नी से दूर रहने के लिए कह चुका था, किन्तु वह बात नहीं मान रहा था। इसी कारण वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान एवं आक्रोशित था। 09 जून को उसने योजनाबद्ध तरीके से समासिंह गोड़ को फोन कर लीलासी बुलाया। वहां दोनों ने शराब खरीदी तथा ग्राम मुरता स्थित खेमा नदी पुलिया के नीचे बैठकर शराब पी। इसके पश्चात अभियुक्त ने अपने पास रखे चाकू एवं मौके पर पड़े पत्थर से हमला कर समासिंह गोड़ की हत्या कर दी। कोतवाली दुद्धी में गिरफ्तारी को लेकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है व अभियुक्त को न्यायालय भेजा जा रहा है।












