श्रावस्ती के गिलौला विकास खंड की ग्राम पंचायत ककंधू में वायरल बुखार और संक्रमण की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने स्वयं स्थिति का जायजा लेने के लिए मोर्चा संभाला है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की एक उच्च स्तरीय टीम ने गांव का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। स्थानीय लोगों के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक गांव में करीब डेढ़ दर्जन लोग वायरल बुखार से पीड़ित हैं, जबकि एक बालिका की मौत भी हो चुकी है। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है। सीएमओ के नेतृत्व में गांव पहुंची टीम में सहायक शोध अधिकारी सुरेश यादव, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला के अधीक्षक डॉ. ए.के. तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार और डॉ. अतुल वर्मा शामिल थे। टीम ने गांव के विभिन्न हिस्सों में घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और संभावित मरीजों की मौके पर ही जांच की।
स्वास्थ्य विभाग ने गांव में एक कैंप भी लगाया है, जहां बुखार, सर्दी, खांसी और संक्रमण के लक्षण वाले लोगों की गहन जांच की जा रही है। जरूरतमंदों को तत्काल निःशुल्क दवाइयां और मेडिकल किट प्रदान की जा रही हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पिछले 72 घंटों से स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें गांव में लगातार सक्रिय हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने और मच्छरों के प्रकोप को रोकने की अपील की। सीएमओ ने उबला हुआ या शुद्ध पेयजल पीने और बुखार, सर्दी या खांसी के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, गांव की स्वास्थ्य टीम या आशा कार्यकर्ता को सूचित करने की सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ककंधू ग्राम पंचायत में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और एंटी-लार्वा फॉगिंग जैसी निरोधात्मक गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रख रही हैं।
ककंधू गांव में वायरल बुखार से एक बच्ची की मौत:स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएमओ ने संभाली कमान; डेढ़ दर्जन लोग बीमार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












