अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होंगे योगाभ्यास कार्यक्रम-जिलाधिकारी
आपस में समन्वय बनाकर योग दिवस पर योगाभ्यास कार्यक्रम सम्पन्न करायें अधिकारीगण-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में आगामी 21 जून को 12वें ’’अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस’’ के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट कक्ष में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 21 जून, 2026 को जिले में विभिन्न स्थलों पर आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम को सफल बनाये जाने हेतु अभी से सभी तैयारियां प्रारम्भ कर दी जाएं और विभिन्न विभागों से समन्वय बनाकर इसकी कार्ययोजना तथा योगाभ्यास कराने हेतु मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से विभिन्न स्थलों पर आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम के लिए प्रशिक्षकों की तैनाती करके उन्हें योगाभ्यास कराने हेतु दक्ष भी किया जाए, ताकि जिले में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम के दिन योगाभ्यास कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।उन्होने बताया है कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार ’’12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस’’ के अवसर पर जिले के समस्त सांस्कृतिक पर्यटन स्थल, प्रमुख नदियों, झीलों, तालाबों, तथा अमृत सरोवरों के तटों पर योगाभयास कार्यक्रम के अतिरिक्त योग वेलनेस सेंटर, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आयुष हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स एवं अन्य चिकित्सालयों में योगाभ्यास के कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही समस्त प्राथमिक विद्यालयों, माध्यमिक विद्यालयों, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों एवं महाविद्यालयों में भी योग प्रशिक्षकों/योग सहायकों की अगुवाई में 15 से 21 जून, 2026 तक ’’योग सप्ताह’’ का आयोजन प्रातः 06 बजे से लेकर 08 बजे तक किया जायेगा। उन्होने बताया कि योग दिवस के दिन जिला मुख्यालय, तहसील, ब्लाक एवं ग्राम पंचायत पर योग दिवस का आयोजन किया जायेगा। जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ प्राप्त हो सके।जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आपस में समन्वय बनाकर अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास कार्यक्रम सम्पन्न करायें और इस योगाभ्यास कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ एन0सी0सी0 के छात्र-छात्राओं एवं युवक मंगल दलों से जुड़े युवक/युवतियों को भी इस कार्यक्रम में सहभागिता निभाने हेतु कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देश दिया है कि वे विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार करें, ताकि इस कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। उन्होने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य आयोजन जिला मुख्यालय भिनगा स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में तथा सीताद्वार व जगतजीत इण्टर कालेज इकौना में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा तहसील, ब्लाक, ग्राम पंचायतों पर आयोजित होने वाले योग दिवस को सफल बनाने हेतु भी सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जाएं। जनपद में कार्यरत योग से सम्बन्धित विभिन्न संस्थाओं से भी सहयोग प्राप्त कर कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया जाए।बैठक का संचालन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा0 विजय कुमार ने किया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह, उपजिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा डा0 अनीता शुक्ला, जिला क्रीडाधिकारी सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।












