बहराइच जिले के महसी विकासखंड अंतर्गत तेजवापुर ब्लॉक में रविवार को तीन दिवसीय जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह शिविर आयोजित किया गया है। इसका उद्घाटन महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद विधायक सुरेश्वर सिंह ने स्वास्थ्य,पशुपालन, शिक्षा, कृषि, राजस्व, बाल विकास, पुलिस और बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्टॉलों पर प्रदर्शित की जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों से लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर में आकर अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाएं। शिविर के दौरान विधायक ने उत्सव के माहौल में दो शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया, दो किशोरियों को पोषण पोटली वितरित की और दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की। इसके साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत तेजवापुर और महसी के दो-दो लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। स्वास्थ्य क्षेत्र में, तीन टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार, तीन व्यक्तियों को आयुष्मान कार्ड और तीन गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के चेक प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पांच महिलाओं को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, दो को मातृवंदना योजना के स्वीकृति पत्र और 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वजन मशीनें दी गईं। कृषि विभाग की ओर से छह लाभार्थियों को प्रमाण पत्र मिले, जबकि निपुण भारत मिशन के तहत हजरिया प्राथमिक विद्यालय और भिरवा संविलियन विद्यालय को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाउपाध्यक्ष रामनिवास जायसवाल,ब्लॉकप्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पांडेय, जिला मंत्री शशिकांत त्रिपाठी,मंडलअध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ला,शैलेंद्र सिंह,विद्याधर वाजपेई और खंड विकास अधिकारी प्रतीक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता,अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। खंड विकास अधिकारी प्रतीक ने बताया कि यह जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला 16 जून तक संचालित होगा।
तेजवापुर में जन कल्याण शिविर शुरू:विधायक सुरेश्वर सिंह ने किया तीन दिवसीय मेले का उद्घाटन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












