बस्ती में एक निजी अस्पताल और चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगे हैं। एक स्वस्थ नवजात शिशु को दिल में छेद होने की बात बताकर 16 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रखने और अनुचित धन उगाही करने के मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र भूषण तिवारी की जांच में चिकित्सीय लापरवाही, पेशेवर कदाचार और धोखाधड़ी के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं।
सीओ द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के अनुसार, बस्ती के लाइफ लाइन अस्पताल के संचालक डॉ. तारिक एहसान पर आरोप है कि उन्होंने एक स्वस्थ नवजात के हृदय में दो छेद होने की गलत जानकारी परिजनों को दी। आरोप है कि परिजनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और बिना किसी ठोस चिकित्सीय आवश्यकता के बच्चे को 16 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रखा गया। जांच में यह भी सामने आया कि इस दौरान उपचार के नाम पर गंभीर लापरवाही बरती गई।
जांच रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि अस्पताल में भर्ती के दौरान ‘विगो और टेप लगाने-हटाने की अमानवीय प्रक्रिया’ के कारण बच्चे की स्थिति गंभीर हो गई थी। बाद में जब नवजात को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ ले जाया गया तो वहां की चिकित्सीय जांच में उसके हृदय में किसी प्रकार की बीमारी नहीं पाई गई।
सीओ की जांच रिपोर्ट में डॉ. तारिक एहसान और उनके सहयोगियों पर प्रथम दृष्टया पेशेवर कदाचार, गंभीर चिकित्सीय लापरवाही और आपराधिक धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। मामले की तकनीकी जांच के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी, बस्ती को चिकित्सीय बोर्ड गठित करने के संबंध में पत्र भेजा गया है। बोर्ड की अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया है कि ताहिरा हॉस्पिटल में बच्चे की 2-डी जांच रिपोर्ट भी गलत दी गई थी, जिसका खुलासा स्वास्थ्य विभाग की जांच में हो चुका है। इस मामले में डॉक्टर सोहेल की कथित लापरवाही भी सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग उनकी डिग्री की जांच कर रहा है।
मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के गिदही खुर्द गांव से जुड़ा है। यहां के निवासी मोहम्मद इमरान ने उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहू तमन्ना खातून के नवजात बच्चे के इलाज में घोर लापरवाही बरती गई।
वहीं, लाइफ लाइन अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तारिक एहसान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई जांच में उनके खिलाफ आरोपों की पुष्टि नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि वह किसी भी प्रकार की जांच के लिए तैयार हैं।












