लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 181 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इससे पहले रविवार देर रात भी 182 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया था। इस तरह महज 12 घंटे के भीतर प्रदेश में कुल 363 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार बड़ी संख्या में उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है। इसके अलावा विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और अन्य विभागों में कार्यरत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला सूची के अनुसार अयोध्या के एसडीएम राम प्रसाद त्रिपाठी का स्थानांतरण मथुरा किया गया है। वहीं मिर्जापुर के एसडीएम संजीव कुमार यादव को अयोध्या में नई तैनाती मिली है। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी लालकृष्ण को भी अयोध्या का एसडीएम बनाया गया है।

इसके अलावा कुशीनगर के एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता का भी तबादला अयोध्या किया गया है। बाराबंकी, सीतापुर, गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, हरदोई, बुलंदशहर समेत प्रदेश के कई जिलों में भी बड़ी संख्या में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल शासन-प्रशासन को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया है। संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती वाले स्थानों पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।















