श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन की सहायता एवं सुरक्षा हेतु निरंतर संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में पीआरवी-7005 के पुलिसकर्मियों द्वारा अचेत अवस्था में मिले एक व्यक्ति की सहायता कर उसे सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया गया। यूपी-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र अंतर्गत सड़क किनारे गड्ढे में एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही पीआरवी-7005 तत्काल मौके पर पहुंची तथा पुलिसकर्मियों द्वारा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अचेत व्यक्ति को प्राथमिक सहायता प्रदान की गई।पुलिसकर्मियों द्वारा पानी पिलाकर एवं आवश्यक प्रयास कर उक्त व्यक्ति को होश में लाया गया। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम नन्दलाल पुत्र राम समुझा निवासी ग्राम भगहा, थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती बताया। उसने बताया कि वह जंगल में लकड़ी लेने जा रहा था, तभी अचानक चक्कर आने के कारण गिरकर अचेत हो गया था। स्थिति सामान्य होने के उपरांत पीआरवी कर्मियों द्वारा उक्त व्यक्ति को
सुरक्षित रूप से पीआरवी वाहन में बैठाकर उसके घर पहुंचाया गया तथा उसके पुत्र लवकुश एवं अन्य परिजनों को सकुशल सुपुर्द किया गया। अपने परिजन को सुरक्षित पाकर परिवारजनों ने पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।जनपद पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली, त्वरित प्रतिक्रिया एवं जनसेवा के प्रति समर्पण के साथ ही यह संदेश भी देता है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद नागरिकों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है।उक्त सराहनीय कार्य में पीआरवी-7005 के कमांडर अवधेश कुमार एवं चालक विवेक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












