श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन की सहायता एवं सुरक्षा हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सोनवा पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा सराहनीय कार्य करते हुए रास्ता भटककर अपने घर से दूर पहुंची एक 08 वर्षीय बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बालिका अपने घर से खेत जाने के लिए निकली थी, किन्तु रास्ता भटक जाने के कारण वह अनजाने में सोनवा तिराहा क्षेत्र में पहुंच गई। बालिका घबराई हुई एवं परेशान अवस्था में थी। इसी दौरान उसने एक ई-रिक्शा चालक से सहायता मांगी। ई-रिक्शा चालक द्वारा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बालिका को थाना सोनवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
थाना सोनवा पुलिस एवं मिशन शक्ति प्रभारी उ0नि0 शिल्पी तथा उनकी टीम द्वारा बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसे शांत कराया गया तथा उससे पूछताछ की गई। बातचीत के दौरान बालिका ने अपना नाम व निवास बताया, किन्तु अपने पिता का नाम स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी।
मिशन शक्ति टीम द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ आवश्यक प्रयास करते हुए बालिका के परिजनों का पता लगाया गया। जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि बालिका का पता थाना सोनवा जनपद श्रावस्ती है। सूचना मिलने पर बालिका के परिजन तत्काल थाना सोनवा पहुंचे।बालिका को सकुशल अपने परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपने परिवार से मिलकर बालिका एवं उसके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों द्वारा थाना सोनवा पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली, तत्परता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण यह संदेश भी देता है कि पुलिस केवल कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने का कार्य ही नहीं करती, बल्कि जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है।












