Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)पोखरा में अज्ञात वाहन ने तोड़ा बिजली का पोल:करंट से भरा 11...

पोखरा में अज्ञात वाहन ने तोड़ा बिजली का पोल:करंट से भरा 11 हजार वोल्ट का तार सड़क पर गिरा, दो घंटे तक राहगीरों की ढाल बनी पुलिस

#बस्ती_न्यूज

कप्तानगंज विकास खंड की पोखरा ग्राम पंचायत में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक अज्ञात वाहन ने मुख्य मार्ग पर स्थित बिजली के खंभे में टक्कर मार दी। हादसे में खंभा बीच से टूट गया और उससे जुड़ा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार सड़क पर गिर पड़ा। उस समय लाइन में विद्युत आपूर्ति चालू थी, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया। घटना रात करीब 12:30 बजे सरकारी नलकूप के पास हुई। यह मार्ग मुख्य हाईवे को राम-जानकी मार्ग से जोड़ता है, इसलिए देर रात भी यहां वाहनों का आवागमन बना रहता है। गनीमत रही कि मार्ग की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद थीं और उस समय कोई राहगीर तार की चपेट में नहीं आया। स्थानीय निवासी सूरज प्रजापति ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी-5508 मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल शिवा जी और कांस्टेबल प्रभात सिंह ने घटनास्थल को घेरकर यातायात रोक दिया। दोनों पुलिसकर्मी करीब दो घंटे तक सड़क के दोनों ओर खड़े रहकर वाहनों और लोगों को आगे बढ़ने से रोकते रहे, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई। ग्रामीणों के अनुसार पुलिसकर्मियों ने विद्युत विभाग को सूचना देने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन काफी देर तक किसी अधिकारी ने कॉल रिसीव नहीं की। करीब दो घंटे बाद जेई रचित राम से संपर्क हो सका। इसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त तार व खंभे को हटाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रात के समय आपात स्थिति में संपर्क के लिए विभाग की ओर से कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। वहीं, संभावित हादसे को टालने में पुलिसकर्मियों की सतर्कता और तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments