Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)राप्ती नदी में तीन किशोरियां डूबीं:श्रावस्ती में एक को बचाया, दूसरे की...

राप्ती नदी में तीन किशोरियां डूबीं:श्रावस्ती में एक को बचाया, दूसरे की मौत, SDRF 24 घंटे से तीसरे की कर रही तलाश


श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर 2 बजे राप्ती नदी में नहाने गईं तीन किशोरियां गहरे पानी में डूब गईं। इस घटना में एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि दूसरी किशोरी 24 घंटे बाद भी लापता है। एसडीआरएफ की टीम लापता किशोरी की तलाश में बुधवार दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना खरगौरा मोड़ के पास बसंतापुर गांव के समीप हुई। सोनवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तरवाताल कठौतिया निवासी 17 वर्षीय रिंका बसंतापुर गांव कुछ दिनों पूर्व अपनी मौसी के घर आई थी। उसके साथ गांव निवासी 16 वर्षीय गुंजन और 15 वर्षीय रेशमा दोपहर करीब दो बजे नदी में नहाने उतरी थीं। नहाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से तीनों गहरे पानी में फंस गईं। किशोरियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से एक किशोरी रेशमा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, रिंकी और गुंजन पानी में डूब गईं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और भिनगा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई।
काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दूसरी किशोरी रिंकी का शव बरामद कर लिया था। वहीं, गुंजन का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। आज बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया और नदी के संभावित इलाकों में गुंजन की गहन तलाशी जारी है। गुंजन की मां ने बताया कि गुंजन दो बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी थी। उनके पिता के पैर में दो महीने पहले फ्रैक्चर हो गया था, जिससे वे चल-फिर नहीं पाते। गुंजन घर के कामों में हाथ बंटाती थी। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय पड़ोस के कुछ किशोर मवेशियों को चारा खिलाने नदी किनारे आए थे, और गुंजन भी खाना देने आई लड़कियों के साथ नदी किनारे गयी थी, जहां नदी मे नहाने चली गई थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments