Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में 20 घंटे बाद परिजन अंतिम संस्कार को तैयार:सीओ के लिखित...

बस्ती में 20 घंटे बाद परिजन अंतिम संस्कार को तैयार:सीओ के लिखित आश्वासन पर जमीन विवाद का गतिरोध खत्म

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र के मेहनौना गांव में जमीनी विवाद में हुई लक्ष्मण निषाद की मौत के बाद उत्पन्न गतिरोध बुधवार को समाप्त हो गया। पुलिस प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए। शव घर पहुंचने के करीब 20 घंटे बाद यह गतिरोध खत्म हुआ। मृतक के परिजन आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर अड़े हुए थे। मांगें पूरी होने तक उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार परिजनों से वार्ता की। अंततः क्षेत्राधिकारी कुलदीप यादव द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद सहमति बन सकी। आश्वासन पत्र में परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मृतक की बेटियों के विवाह में प्रशासनिक सहयोग देने, घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने और राशन उपलब्ध कराने का उल्लेख किया गया। इसके साथ ही आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी के प्रयास का भरोसा भी दिया गया। प्रशासन ने परिवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उधर, गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे। पुलिस नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments