बहराइच जिले के नानपारा-लखीमपुर-मिहींपुरवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अल्लापुरवा भट्ठा के पास सोमवार शाम करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने 12 वर्षीय बालिका को कुचल दिया। इस दुर्घटना में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी देवी (पुत्री रामनिवास चौहान, उम्र लगभग 12 वर्ष) सड़क पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। हालांकि, ग्रामीणों और राहगीरों की सतर्कता से ट्रक को आगे चलकर पकड़ लिया गया, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इसी दुर्घटना में चांदपुरा, बहराइच निवासी साजिद (पुत्र भुजऊ) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और राहगीरों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना मिलने पर गुरघुट्टा पुलिस चौकी के इंचार्ज सुरपति त्रिपाठी, कांस्टेबल शशांक गौड़ और रामानुज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहराइच भेज दिया है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखी है और दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
बहराइच में ट्रक ने बालिका को कुचला:नानपारा हाईवे पर हादसा, युवक गंभीर घायल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











