श्रावस्ती में कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद रविवार देर रात मौसम ने करवट ली। आधी रात के बाद शुरू हुई तेज बारिश से जिले भर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली। बारिश का यह सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा। पिछले कई दिनों से जिले में तेज धूप और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित था। मौसम विभाग द्वारा लगातार बारिश की चेतावनी जारी की जा रही थी, लेकिन अपेक्षित वर्षा नहीं हो पा रही थी। रविवार देर शाम मौसम में बदलाव के संकेत मिले और रात करीब 12 बजे के बाद तेज बारिश शुरू हुई। जो सुबह देर तक जारी रही। हालांकि अब बारिश थमी हुई है लेकिन आसमान में बदल अभी कुछ इलाकों में छाए हुए हैं। इस बारिश से किसानों को सर्वाधिक लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में किसान धान की नर्सरी तैयार करने में लगे हैं और कई स्थानों पर खेतों की जुताई का कार्य भी चल रहा है। वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे सिंचाई की आवश्यकता कम होगी। धान की नर्सरी को भी प्राकृतिक सिंचाई प्राप्त हुई है। जिन किसानों की नर्सरी तैयार हो चुकी है, वे पर्याप्त वर्षा होने पर धान की रोपाई का कार्य शीघ्र शुरू कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, आम के बागानों के लिए भी यह वर्षा लाभदायक मानी जा रही है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, पर्याप्त वर्षा से आम के फलों की गुणवत्ता बेहतर होती है और उनकी मिठास में भी वृद्धि होती है, जिससे किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में जिले में तेज बारिश और हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की जानकारी पर लगातार नजर रखें और उसी के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाएं। यह वर्षा आम जनजीवन के लिए राहत लेकर आई है और किसानों के लिए नई उम्मीदें जगा रही है।
श्रावस्ती में देर रात हुई तेज बारिश:गर्मी से राहत, धान की नर्सरी -आम की फसल को फायदा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












