Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)भीम युवा वाहिनी ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन:अम्बेडकर पार्क की सुरक्षा और...

भीम युवा वाहिनी ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन:अम्बेडकर पार्क की सुरक्षा और खतौनी में दर्ज कराने की मांग

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में भीम युवा वाहिनी ने सोमवार दोपहर मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। इन ज्ञापनों में अनुसूचित जाति समाज के लिए सुरक्षित की गई अम्बेडकर पार्क की भूमि को खतौनी में दर्ज कराने और पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में भूमि विवाद और अतिक्रमण की आशंका बनी रहेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनू राव, प्रदेश अध्यक्ष अजय राव उर्फ प्रमोद और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संदीप कुमार गौतम के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम थरौली स्थित गाटा संख्या-133 की भूमि को अम्बेडकर पार्क के रूप में सुरक्षित कराने की मांग लंबे समय से लंबित थी। प्रशासन के निर्देश पर 5 जून 2026 को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पैमाइश कर सीमेंट के पिलर लगवाए और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। संगठन ने मांग की है कि इस भूमि को विधिवत अम्बेडकर पार्क के रूप में खतौनी में दर्ज किया जाए। इससे भविष्य में किसी प्रकार का विवाद या अवैध कब्जा नहीं हो सकेगा और ग्रामीणों को सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थायी रूप से सुरक्षित स्थान उपलब्ध रहेगा। दूसरे ज्ञापन में भीम युवा वाहिनी ने मुख्यमंत्री के उन निर्देशों का उल्लेख किया, जिनमें प्रदेश के अम्बेडकर पार्कों और डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। संगठन ने मांग की कि ग्राम धुसनाखोर स्थित अम्बेडकर पार्क के चारों ओर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाए। इससे पार्क और वहां स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा असामाजिक तत्वों से सुरक्षित रह सकेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में हरिहर, बलिराम, गोलू, रूचि, लक्ष्मी, जितेन्द्र, चन्द्रावती, गौरव, शकुन्तला, शान्ती, राजपती, मंजीत कुमार, सन्तबली, विशाल कुमार, मोलहू, भरत बौद्ध, कलावती, इशरावती, निखिल, गोलू गौतम, संगीता, रीता सहित भीम युवा वाहिनी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments