Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में 1 किमी सड़क जर्जर, राहगीर परेशान:दो PMGSY सड़कों के बीच...

बस्ती में 1 किमी सड़क जर्जर, राहगीर परेशान:दो PMGSY सड़कों के बीच का हिस्सा अधूरा, मरम्मत का आश्वासन

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक में चिलमा-रामजनकी मार्ग से पोखरा होते हुए कप्तानगंज को जोड़ने वाली सड़क पर पोखरा बाजार के पास लगभग एक किलोमीटर का हिस्सा लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। इस खराब सड़क के कारण हजारों राहगीरों को प्रतिदिन आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह जर्जर हिस्सा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित दो सड़कों के बीच में आता है। सैनिया से पोखरा चौहरे तक और कप्तानगंज से पोखरा बाजार तक PMGSY के अंतर्गत सड़कें पहले ही बन चुकी हैं। इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों को जोड़ने वाला यह एक किलोमीटर का हिस्सा किसी भी योजना में शामिल नहीं हो पाया है, जिससे यह अधूरा रह गया है। यह मार्ग एक मुख्य संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं। सड़क के दोनों ओर चिकनी और अच्छी सड़कें होने के बावजूद, बीच का यह हिस्सा बेहद खराब है। बरसात के मौसम में यहां कीचड़ और गंदा पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों के कपड़े खराब होते हैं और उनमें रोष व्याप्त है। स्थानीय दुकानदार गोलू गुप्ता ने बताया कि हल्की बारिश में भी इस मार्ग पर पानी भर जाता है और सड़क खराब होने के कारण अक्सर लोग चोटिल हो जाते हैं। एक अन्य दुकानदार सुनील गुप्ता के अनुसार, सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं जो पानी भरने पर दिखाई नहीं देते। इससे दुपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। इसी जर्जर मार्ग पर एक जूनियर हाईस्कूल, एक प्राथमिक विद्यालय और पूर्वांचल ग्रामीण बैंक की शाखा सहित कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान स्थित हैं। इसके चलते प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चों, बैंक ग्राहकों और स्थानीय निवासियों को इसी खराब सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। सड़क की इस बदहाल स्थिति को देखते हुए राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई हरीश त्रिपाठी ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए प्रस्ताव पास हो चुका है और जल्द ही इसका कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments