Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)प्रेमी-प्रेमिका को टैंकर ने रौंदा, युवक की मौत:बाराबंकी में भाभी की बहन...

प्रेमी-प्रेमिका को टैंकर ने रौंदा, युवक की मौत:बाराबंकी में भाभी की बहन को भगाकर ले गया था; बाइक से घर जा रहा था, 12 मीटर घिसटे


बाराबंकी में अपनी भाभी की बहन को भगा ले जाने के बाद उसे वापस घर छोड़ने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुई, जब युवक बाइक से अपनी प्रेमिका को उसके घर बहराइच छोड़ने जा रहा था। तभी जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर रामनगर थाना क्षेत्र में बहराइच–रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक मोड़ पर टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक समेत टैंकर के बंपर के नीचे फंस गए और करीब 12 मीटर तक घिसटते चले गए। युवती तो छिटककर दूर जा गिरी, लेकिन युवक पहिए के नीचे आकर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आज ही शादी होनी थी। चार दिन पहले वह अपने जीजा के छोटे भाई अनिकेत के साथ घर से चली गई थी। फिलहाल, दुल्हन के घायल होने के बाद परिजनों ने उसके होने वाले दूल्हे का विवाह उसकी छोटी बहन से तय कर दिया है। आज रात ही दोनों की शादी होगी। मातम के बीच सादगी के साथ शादी की तैयारियां की जा रही हैं। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… बहराइच के फखरपुर थाना क्षेत्र के पटूहा गांव निवासी अनिकेत वर्मा (21) शटरिंग का काम करता था। उसका बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बटुरहा निवासी संतोषी वर्मा (20) से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। अनिकेत के बड़े भाई सोनू की शादी करीब तीन साल पहले संतोषी की बड़ी बहन मंशा देवी से हुई थी। इसी वजह से दोनों परिवार पहले से रिश्तेदार थे। अनिकेत और संतोषी एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं था। करीब तीन महीने पहले संतोषी की शादी घर से 60 किलोमीटर दूर बहराइच के फखरपुर थाना क्षेत्र के पार्लेमिल परसेंडी चीनी मिल निवासी रामशंकर से तय कर दी गई थी। 1 जुलाई को ही बारात आनी थी। परिवार के न मानने पर तेल लगावन के कार्यक्रम वाले दिन, 27 जून की शाम करीब 8 बजे अनिकेत संतोषी को अपने साथ ले गया। संतोषी के परिजनों ने देर रात फखरपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलवार रात करीब 8 बजे अनिकेत, संतोषी को लेकर अपने सबसे बड़े भाई मस्तराम के घर, बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर पहुंचा। परिवार ने उसे जमकर फटकार लगाई और संतोषी को उसके घर छोड़ने के लिए कहा। बुधवार सुबह अनिकेत, संतोषी को बाइक (UP 40 BL 7190) से उसके घर बहराइच छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे रामनगर थाना क्षेत्र में बहराइच–रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्गापुर गांव के पास संजय सेतु मोड़ के निकट सामने से आ रहे टैंकर (UP 32 EN 6515) ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक समेत टैंकर के बंपर के नीचे फंस गए और करीब 12 मीटर तक घिसटते चले गए। इसी दौरान अनिकेत पहिए के नीचे आकर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टैंकर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने संतोषी को रामनगर सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अयोध्या घूमने के बाद बड़े भाई के घर पहुंचे थे दोनों मृतक के छोटे भाई पवन वर्मा ने बताया, “27 जून की शाम अनिकेत संतोषी को अपने साथ ले गया था। दोनों बाइक से अयोध्या पहुंचे। तब तक लड़की के परिवार को इसकी जानकारी हो गई। संतोषी के चाचा राजकुमार और फुफेरे भाई दिलीप कुमार ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद अनिकेत, संतोषी को लेकर बड़े भाई मस्तराम के घर पहुंचा था।” बड़ा भाई बोला– हम तो शादी कराने को तैयार थे मस्तराम ने बताया, “मंगलवार रात अनिकेत, संतोषी को लेकर मेरे घर आया था। मैंने उसे डांटा था और कहा था कि पहले संतोषी को उसके घर छोड़ दो। यह तरीका गलत है। बाद में थाने में बुलाकर तुम दोनों की रजामंदी से शादी करा देंगे। तुम दोनों बालिग हो। वह संतोषी को उसके घर छोड़ने ही जा रहा था कि रास्ते में हादसा हो गया। लगता है दोनों के नसीब में शादी थी ही नहीं।” अब संतोषी की जगह छोटी बहन रिंकी लेगी फेरे छोटे भाई पवन वर्मा ने बताया, “हादसे की जानकारी संतोषी के होने वाले ससुराल वालों को दे दी गई है। संतोषी से रिश्ता तोड़ दिया गया है। दोनों परिवारों की सहमति से अब संतोषी की जगह उसकी छोटी बहन रिंकी की शादी उसी युवक से तय कर दी गई है। आज रात ही फेरे होंगे।” चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था अनिकेत, संतोषी पांच बहनों में दूसरे नंबर पर अनिकेत शटरिंग का काम करता था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वहीं संतोषी पांच बहनों में दूसरे नंबर पर थी। वह आठवीं तक पढ़ी थी। अधिकारी बोले– वाहन कब्जे में, चालक की तलाश जारी प्रभारी थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने बताया- हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। ——————————– यह खबर भी पढ़ें… आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसा, एक परिवार के 5 की मौत:उन्नाव में अर्टिगा कार को स्लीपर बस ने टक्कर मारी, रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिरी उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के साढ़े 4 बजे स्लीपर बस ने अर्टिगा कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें 2 बच्चियां भी शामिल हैं। बस हरियाणा से बिहार जबकि कार आगरा से लखनऊ जा रही थी। यानी, दोनों गाड़ियां एक ही लेन में थीं। तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से टक्कर मारी और एक्सप्रेस-वे से नीचे गिरकर पलट गई। पढ़िए पूरी खबर…

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments