लखनऊ। गुरुवार तड़के से रिमझिम बरसात से मौसम ठंडा हो गया। लम्बे समय से चल रही उमस और तपन से राहत मिल गई है। इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहेगा। विभाग की तरफ से बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन में कई बार बारिश की संभावना भी जताई गई है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 82 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 61 फीसदी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया। वहीं, लखनऊ में 1 जुलाई को दिन में कुल 4.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। जबकि 1 जून से 1 जुलाई तक लखनऊ में कुल बरसात 23 मिलीमीटर हुई है।
इस दौरान सामान्य बारिश का औसत 94.6 मिली मीटर है। इसके कारण 76 फीसदी कम बरसात हुई है।मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून आने के बाद फिलहाल लगातार बारिश की संभावना है। इस बीच तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। लेकिन, मानसून के दौरान इस बार राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में सामान्य से कम बारिश की संभावना है। इसके कारण जल संसाधनों पर असर पड़ेगा।












