HomeHealth & Fitnessनिघासन हाईवे पर अनियंत्रित फॉर्च्यूनर दीवार और ट्रैक्टर से टकराई, चालक घायल

निघासन हाईवे पर अनियंत्रित फॉर्च्यूनर दीवार और ट्रैक्टर से टकराई, चालक घायल

निघासन-खीरी,05 जुलाई(तरुणमित्र)। पलिया स्टेट हाईवे पर थाना निघासन क्षेत्र के ग्राम खैरहनी में रविवार सुबह करीब ग्यारह बजे एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान की दीवार और खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि घर में उस समय कोई मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया।
 
जानकारी के अनुसार, UP 27 AJ 1100 नंबर की सफेद फॉर्च्यूनर पलिया की ओर से आ रही थी। खैरहनी मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सीधे राजेंद्र गुप्ता के मकान की दीवार तोड़ते हुए आंगन में घुस गई और वहां खड़े गया प्रसाद गुप्ता के ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि मकान की दीवार ढह गई, आम का पेड़ टूट गया और ट्रैक्टर के साथ-साथ फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
 
दुर्घटना के समय वाहन में केवल चालक सवार था। हादसे में उसके कंधे की हड्डी टूट गई तथा शरीर पर अन्य चोटें भी आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 
सूचना मिलते ही निघासन पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पलिया स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने सड़क पर स्पीड ब्रेकर, नियमित पुलिस चेकिंग और गति नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
 
इधर पुलिस ने बताया किचालक के बयान और वाहन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments