Homeदेश (National)'तुम भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते', शोपियां में LET का...

‘तुम भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते’, शोपियां में LET का एक और आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकी मारा गया। यह मुठभेड़ बुधवार को शोपियां के चनपोरा इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि इस आतंकी को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने पांच दिन तक अभियान चलाया था, जिसके बाद अब उन्हें सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस ने मारे गए आतंकी की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन वाली जगह से गोली चलने की आवाजें सुनाई दीं, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारियों ने कहा कि गोलीबारी के बाद घटनास्थल पर एक आतंकवादी का शव देखा गया और उसे बरामद कर लिया गया। जिस जगह पर यह घटना हुई उसके पास कुछ दूरी पर हथियार और गोला-बारूद भी दिखाई दिए।

यह भी पढ़ें: पंजाब: गुरु रविदास पर गांव-गांव फिल्म दिखाएगी सरकार, इतना अहम क्यों यह समुदाय?

कौन था मारा गया आतंकी?

सुरक्षा बलों की और से जारी की गई शुरुआती जानकारी में आतंकी की जानकारी नहीं दी गई थी लेकिन अब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने साफ कर दिया है कि मारा गया आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य था। रिपोर्ट्स के अनुसार, आतंकी का नाम जाकिर गनाई था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि यह संयुक्त अभियान शोपियां पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने मिलकर चलाया।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दी जानकारी

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया पर इस ऑपरेशन की सफलता की जानकारी देते हुए एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में लिखा, ‘SOG शोपियां ने RR और CRPF के साथ संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को मार गिराया है।’ इसके साथ ही पुलिस ने इस पोस्ट में आंतकियों के लिए एक चेतावनी भी दी है। पुलिस ने लिखा, ‘तुम भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।’ इसे आंतकियों को कड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

5 दिन चला सर्च ऑपरेशन

सुरक्षाबलों ने 3 जुलाई को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के मीमंदर इलाके के घने बागों में तलाशी अभियान शुरू किया था। यह कार्रवाई आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद की गई थी। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि लतीफ और जाकिर नाम के दो आतंकी इलाके में छिपे हुए हैं। जब सुरक्षाबल उनकी तलाश में पहुंचे तो दोनों आतंकियों ने सेना पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें: न टीचर हैं, न छात्र, लेकिन कायम हैं स्कूल, ऐसी उपलब्धि वाले राज्य कौन से हैं?

दो आतंकियों की मिली थी सूचना

सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के मुताबिक, लतीफ और जाकिर दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले थे। बताया जाता है कि जाकिर साल 2024 में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था, जबकि लतीफ पिछले साल इस आतंकी संगठन से जुड़ा था। इस सूचना के बाद पुलिस ने इन आतंकियों को घेरा ताकि यह भाग ना सकें। आतंकियों को भागने से रोकने के लिए सेना की विशेष आतंकवाद-रोधी इकाई विक्टर फोर्स ने एक्सट्रा जवानों को तैनात किया और घने बागों के आसपास निकलने वाले सभी संभावित रास्तों को सील कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि गर्मियों के मौसम में पेड़ों पर घनी पत्तियां होने के कारण आतंकियों को प्राकृतिक रूप से छिपने की जगह मिल जाती है। इससे निगरानी करना मुश्किल हो जाता है और सुरक्षा घेराबंदी में ऐसे ब्लाइंड स्पॉट बन जाते हैं, जिनका फायदा उठाकर आतंकी भागने की कोशिश कर सकते हैं।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments