रायबरेली : हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत किशनपुर मजरे जोहवा शर्की गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक विशालकाय नीम का पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अचानक गिरा विशालकाय पेड़
बताया जा रहा है कि किशनपुर निवासी नेपाल कुशवाहा (50) अपने घर के पास मवेशियों को खोल रहे थे। इसी दौरान अचानक समीप ही स्थित एक पुराना नीम का पेड़ जड़ से उखड़कर मकान पर गिर गया। नेपाल कुशवाहा पेड़ और मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही हरचंदपुर पुलिस ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।












