बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली से कथित फर्जी पहचान के जरिए शादी और ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला पर खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बताकर युवक से शादी करने, लाखों रुपये के जेवर हड़पने, 40 लाख रुपये की मांग करने और विरोध करने पर पति की हत्या का प्रयास करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती, शादी तक पहुंचा रिश्ता
फरीदपुर थाना क्षेत्र के पचौमी गांव निवासी अभिषेक के अनुसार उसकी पहचान फेसबुक पर बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र की रहने वाली साधना से हुई थी। बातचीत के दौरान साधना ने खुद को चयनित IAS अधिकारी बताया और दावा किया कि एक न्यायालयीन मामले के कारण उसकी नियुक्ति रुकी हुई है। अभिषेक का कहना है कि इसी भरोसे पर दोनों ने 7 फरवरी 2025 को विवाह कर लिया।
सरकारी नौकरी दिलाने का भी दिया भरोसा
शिकायत में कहा गया है कि साधना के पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्यप्रताप और रिश्तेदार राजेंद्र सिंह ने भी परिवार को भरोसा दिलाया कि कोर्ट का मामला खत्म होते ही साधना IAS अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लेगी। साथ ही यह भी कहा गया कि वह अपने प्रभाव से अभिषेक को सरकारी नौकरी दिला देगी।
जेवर हड़पने और 40 लाख रुपये मांगने का आरोप
अभिषेक का आरोप है कि शादी के बाद साधना ने कोर्ट केस और नियुक्ति का हवाला देकर घर के सोने-चांदी के जेवर अपने कब्जे में ले लिए। शिकायत के मुताबिक करीब 15 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, सोने की चेन, अंगूठी और अन्य कीमती सामान उसने अपने पास रख लिया। इसके बाद परिवार पर 20 बीघा जमीन बेचकर अस्पताल बनवाने और 40 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। विरोध करने पर कथित तौर पर पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई।
पति ने लगाया हत्या के प्रयास का आरोप
अभिषेक ने आरोप लगाया कि 12-13 मार्च 2026 की रात साधना ने उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। किसी तरह वह वहां से बच निकला और डायल-112 पर सूचना दी। बाद में गांव में पंचायत भी हुई। शिकायत के अनुसार पंचायत में साधना ने जेवर अपने पास होने की बात स्वीकार की थी।
https://twitter.com/bareillypolice/status/2076981164603220359?s=20
पुलिस ने किया गिरफ्तार, जांच जारी
पीड़ित ने 28 जून को फरीदपुर थाने में साधना, उसके पिता, भाई और रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने एफआईआर के आधार पर कार्रवाई करते हुए साधना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पति की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और सभी आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।












