Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)चढ़ावा चोरी जांच में बस्ती का महेश रडार पर:करोड़ों की संपत्ति की...

चढ़ावा चोरी जांच में बस्ती का महेश रडार पर:करोड़ों की संपत्ति की पड़ताल तेज

#बस्ती_न्यूज

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच अब बस्ती जिले तक पहुंच गई है। पैकोलिया थाना क्षेत्र के इटवा कुंगाई गांव निवासी मानदेय कर्मी महेश कुमार जांच के दायरे में हैं। जांच एजेंसियां महेश और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्तियों की पड़ताल कर रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, महेश का परिवार कभी आर्थिक रूप से कमजोर था, लेकिन अब करोड़ों रुपये की भूमि और अन्य अचल संपत्तियों का मालिक बन चुका है। बताया जा रहा है कि महेश लगभग दस वर्ष पहले रोजगार की तलाश में दिल्ली गया था। श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने के बाद वह अयोध्या पहुंचा और मंदिर से जुड़े कार्यों में मानदेय कर्मी के रूप में काम करने लगा। उसे प्रतिमाह लगभग 15 से 18 हजार रुपये मानदेय मिलता था। इसी अवधि में उसके और परिजनों के नाम पर बस्ती, अयोध्या, लखनऊ तथा प्रयागराज में कई भूखंड और अन्य संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। जांच में खुलासा हुआ है कि 12 जून को बस्ती के इटवा राजा गांव में छह बीघा भूमि लगभग 90 लाख रुपये में खरीदी गई। इसके अतिरिक्त बनीपुर गांव में गाटा संख्या 192 व 159 की भूमि और हरैया तहसील के कटराझुटा गांव में भी जमीन खरीदी गई है। अयोध्या, लखनऊ और प्रयागराज में भी लगभग 20 अचल संपत्तियां खरीदे जाने की बात सामने आई है। इनमें से अधिकांश संपत्तियां परिजनों के नाम पर दर्ज बताई जा रही हैं। गांव के लोगों का कहना है कि महेश के परिवार की आर्थिक स्थिति पहले सामान्य थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उनकी संपत्ति में तेजी से वृद्धि हुई है। गांव में दो मंजिला पक्का मकान होने के साथ ही गांव के बाहर भी एक नया मकान निर्माणाधीन है। इसी अप्रत्याशित संपत्ति वृद्धि के कारण उसकी संपत्तियां जांच एजेंसियों के रडार पर आ गई हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक महेश को इस मामले में दोषी घोषित नहीं किया है। डीआईजी संजीव त्यागी ने बताया कि चढ़ावा चोरी प्रकरण में सामने आए सभी तथ्यों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments