श्रावस्ती।। जनपद में डेटा आधारित सुशासन एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद की अध्यक्षता में नीति तारा (NITI TARA) (Toolkit for Analysis, Review and Action) विषयक एक दिवसीय जनपद स्तरीय क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य जनपद एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को डेटा आधारित योजना निर्माण, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन प्रणाली से परिचित कराना तथा विकास कार्यक्रमों के परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय समस्त अधिकारी एवं विकासखंड जमुनहा के सभी खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव ने नीति तारा टूलकिट की अवधारणा, उपयोगिता, कार्यप्रणाली तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह टूलकिट डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विकास योजनाओं की सतत निगरानी एवं प्रभावी मूल्यांकन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन EDCIL India के प्रतिनिधि विकास कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों का नीति तारा टूलकिट के संचालन, डेटा प्रबंधन, निगरानी तंत्र तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर अधिकारियों को विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, सटीक मूल्यांकन, डेटा आधारित प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए नीति तारा के प्रभावी उपयोग हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित जनपद एवं विकासखंड स्तर के समस्त संबंधित अधिकारी व ABP फेलो अनुराग तथा अभिषेक भी उपस्थित रहे।












