श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र में सरयू नहर से मिले एक अज्ञात शव की शुक्रवार को शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान बहराइच जिले के मटेरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी 35 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार को देर शाम 6:00 बजे से 7:00 के बीच परिवार ने बताया कि भिनगा स्थित मर्चरी हाउस पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय लोगों के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार बीते शनिवार को अपने गांव के पास सरयू मुख्य नहर में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नहर के गहरे पानी में गिर गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण वे डूब गए। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका था। बुधवार को सोनवा थाना क्षेत्र के तुलसीपुर ग्राम पंचायत के मजरा अडराई के पास सरयू नहर के गेट में ग्रामीणों को एक शव फंसा हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर सोनवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास के गांवों में शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल शिनाख्त नहीं हो पाई। पहचान न होने पर पुलिस ने शव को भिनगा स्थित मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया था। पुलिस लगातार शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही थी। पुलिस के काफी प्रयासों से शुक्रवार को बहराइच जिले से परिजन मर्चरी हाउस पहुंचे और शव को देखते ही उसकी पहचान रोहित कुमार के रूप में की। परिजनों द्वारा पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोहित कुमार मछली पकड़ते समय नहर में डूबे थे। आशंका है कि पानी के तेज बहाव के कारण उनका शव सरयू नहर के रास्ते बहकर श्रावस्ती के सोनवा क्षेत्र तक पहुंच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
मछली पकड़ने गए युवक की नहर में डूबकर मौत:श्रावस्ती में मिला था शव, पुलिस के प्रयासों से तीसरे दिन परिजनों ने की पहचान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












