लखनऊ। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को पंडित् अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित हुआ जिसमें मेधावियों को मिले स्वर्ण, रजत और कान्स्य पदकों ने शोभा बढ़ाई। मेहनत का फल मिलने पर आत्मविश्वास के भरे छात्रों के चेहरे की चमक स्वर्ण आभा जैसी थी। सबसे पहले विश्वविद्यालय में चांसलर मेडल सर्वोच्च स्थान पाने वाली अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम की छात्रा अंशिका राणा को दिया गया।
जबकि कमल रानी वरूण स्मृति स्वर्ण पदक के आईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम की छात्रा इशिका को मिला। दीक्षांत समारोह में कुल 83 छात्रों को 84 पदक दिये दिय गये। जिसमें 35 स्वर्ण पदक तो 23 रजत और 24 कान्स्य पदक हैं। इस बार वहीं, समारोह में 62537 छात्रों को डिग्री एवं 53 छात्रों को पीएचडी की डिग्री अवार्ड हुई। कुल पदक पाने वालों में 52 छात्राएं तो 31 छात्र शामिल हैं। वहीं रोगन कला के कलाकार कंसारा आशीष शांतिलाल को डी लिट की मानद उपाधि प्रदान की गयी। इसके अलावा सभी डिग्रियां ब्लॉकचेन तकनीकी के माध्यम से डिजिलॉकर पर गर्वनर ने ऑनलाइन माध्यम से अपलोड किया।
दीक्षांत समारोह के दौरान इस बार भी पांच श्रेणियों में स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड दिया गया। जिसमें वोमेन लेड स्टार्टअप अवार्ड मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बीटेक छात्र इर्तिका रेहमान के स्टार्टअप वेक्सर इमर्सिव प्रा. लि., दूसरा बेस्ट डीप टेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक छात्र अवि मित्तल के स्टार्टअप वोरटेक्स ऑटोनॉमस सिस्टम, तीसरा बेस्ट टेक इनोवेशन स्टार्टअप अवार्ड इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र सोनू भगत के स्टार्टअप डमार्शुद्धि एलएलपी, चौथा एग्रीकल्चर एंड एग्रीटेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गोरखपुर के बीटेक छात्र आदर्श सिंह के स्टार्टअप एग्रोलेन्स, पांचवां सस्टेनेबल एंड ग्रीन एनजी स्टार्टअप अवार्ड राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा के छात्र अमन कुमार के स्टार्टअप नेक्सोनिक्स रिफ्लेक्सा को दिया गया।
गवर्नर ने विवि के गोद लिये गये छह गांवों के विद्यालयों में आयोजित हुए चित्रकला, कहानी कथन एवं भाषण प्रतियागिता के विजेता बच्चों को सम्मानित भी किया। पांच आंगनबाड़ी केंद्रों को सांकेतिक रूप से किट का वितरण किया गया। बाल गृह बालिका, सिंधीखेड़ा में आरओ प्लांट, चार एसी यूनिट एवं विश्वविद्यालय के गोद लिये दो गांवों में स्मार्ट क्लासरूम का शुभारम्भ किया।
एकेटीयू परिसर में मां बेटी सम्मेलन का आयोजन भी किया गया। इसके पहले बच्चियों में एचपीवी टीकाकरण भी किया गया। आनंदीबेन पटेल ने कहा कि यह दीक्षांत किसी भी छात्र-छात्रा के जीवन में विशिष्ट अवसर है, और अपनी उपलब्धियों को मूल्यांकित करने का दिन भी होता है। यह सिर्फ डिग्री नहीं जिम्मेदारी भी है।












