फर्रुखाबाद, कमालगंज। जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र में शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम छीता कपूरापुर की कटरी में निर्माणाधीन सड़क के किनारे एक बोरे में युवक का शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब छह बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे बनी खंती में एक संदिग्ध बोरा पड़ा देखा। शक होने पर ग्राम प्रधान को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब बोरा खोला गया तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन, 20 रुपये नकद और दिल्ली के मुकुंदपुर चौक स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप की 5 जुलाई की पर्ची बरामद हुई। पुलिस मोबाइल और पेट्रोल पंप की रसीद के आधार पर युवक की अंतिम लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक के शरीर पर बने टैटू भी पुलिस जांच का अहम आधार बने हैं। उसके बाएं हाथ पर ‘मोम दाद’, दाएं हाथ पर ‘मां’ तथा सीने के पास ‘सोनेलाल’ और ‘अर्चना’ नाम गुदे मिले हैं। इन सुरागों की मदद से पुलिस ने मृतक की पहचान शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी 25 वर्षीय सोनेलाल के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, सोनेलाल डीसीएम चालक था और दिल्ली से विभिन्न राज्यों में माल ढुलाई का काम करता था। वह शुक्रवार रात अपने घर आया था, लेकिन शनिवार सुबह फिर काम पर निकल गया। इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। सोमवार को शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी अर्चना और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के अनुसार, सबसे बड़ा बेटा घनश्याम, दूसरी संतान बेटी यासीनी और सबसे छोटा बच्चा करीब ढाई वर्ष का है। सोनेलाल पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां विटोली देवी और पत्नी अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह ने बताया कि मौके से मिले मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान की गई है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













