HomeHealth & Fitnessकार्य योजना बनाकर प्राप्त करें आधार के लक्ष्य

कार्य योजना बनाकर प्राप्त करें आधार के लक्ष्य

 

बदायूं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व त्रिभुवन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जिला स्तरीय आधार समिति की बैठक की अध्यक्षता करके हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को माइक्रो लेवल पर कार्य योजना बनाकर समय से लक्ष्यों को प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बायोमेट्रिक मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। आधार नामांकन से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए यूआईडीएआई के टोल फ्री नम्बर 1947 का तथा निःशुल्क सेवा व निर्धारित शुल्क का प्रचार प्रसार कराने के लिए कहा। बैठक के दौरान उन्होंने अनिवार्य बायोमैट्रिक अपडेट अन्तर्गत यूआईडीएआई मानदंडों के अनुसार निर्बाध आधार-लिंक्ड सेवाओं को बनाए रखने के लिए एमबीयू1 (5-15 वर्ष) और एमबीयू2 (15-17 वर्ष) को पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने 0-5 वर्ष की आयु के नामांकन में तेजी लाने के लिए कहा। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी आधार आवेदनों का निपटान 45 दिनों के भीतर करने तथा दस्तावेजों का सत्यापन फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान करने के लिए कहा। उन्होंने 100 वर्ष से अधिक आयु वाले मामलों के निपटान को प्राथमिकता देने तथा यूडीआईएसई लंबित मामलों का निपटान करने के लिए कहा। बैठक के दौरान उन्होंने 9 सितंबर 2025 से प्रभावी निःशुल्क एमबीयू सुविधा (5-17 वर्ष) का लाभ का प्रचार प्रसार करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि आधार नामांकन पूरी तरह निःशुल्क है। आधार अपडेट के अंतर्गत बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटो) पहली बार 5 से 7 वर्ष की आयु के बीच तथा पहली या दूसरी बार 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच निःशुल्क किया जाता है। इसके अतिरिक्त अन्य सभी मामलों में बायोमेट्रिक अपडेट का शुल्क 125 रुपए निर्धारित है। हालांकि 7 से 15 वर्ष की आयु के बीच बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क है।

डेमोग्राफिक अपडेट, जिसमें नाम, लिंग, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या इनमें से किसी भी संयोजन का संशोधन शामिल है, यदि बायोमेट्रिक अपडेट के साथ कराया जाता है तो यह निःशुल्क है, जबकि अलग से कराने पर 75 रुपए शुल्क देय है। दस्तावेज़ अपडेट के अंतर्गत पहचान एवं पते के प्रमाण संबंधी दस्तावेज़ जमा करने पर माय आधार पोर्टल के माध्यम से निर्धारित अवधि तक यह सेवा निःशुल्क उपलब्ध है, जबकि आधार सेवा केंद्र पर दस्तावेज़ अपडेट कराने के लिए 75 रुपए का शुल्क निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला, सहायक प्रबंधक यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ संदेश श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, बेसिक शिक्षा विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments