जबलपुर। पिछले दिनों लेंसकार्ट के विवाद को अभी समय हुआ नही कि जबलपुर में एक बार फिर धार्मिक प्रतीकों को लेकर विवाद सामने आया है। शास्त्री ब्रिज स्थित पैंटालून शोरूम पर आरोप लगे हैं कि वहां कर्मचारियों को तिलक लगाने और कलावा पहनने से रोका गया। इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया साथ ही पूरे स्टाफ को तिलक लगाकर कलावा बांधा गया।
इस दौरान फ्लोर मैनेजर नितिन बोरकर को भी तिलक लगाकर कलावा पहनाया गया। इस दौरान शोरूम के बाहर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कर्मचारियों पर धार्मिक प्रतीकों को हटाने का दबाव बनाया जा रहा था और ऐसा न करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही थी। वहीं, कुछ कर्मचारियों ने अनौपचारिक रूप से ऐसे निर्देश मिलने की बात भी कही है।बताया जा रहा है कि शोरूम के मैनेजर द्वारा कर्मचारियों को धार्मिक प्रतीक न पहनने के निर्देश दिए गए थे, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। इसी विवाद के चलते दो दिन पहले एक कर्मचारी ने नौकरी भी छोड़ दी।
मामला तब और बढ़ गया जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शोरूम पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों के हाथों में कलावा बांधा और उनके माथे पर तिलक लगाया।
हालांकि, शोरूम प्रबंधन ने इन आरोपों को खारिज किया है। मैनेजर का कहना है कि उन्होंने किसी भी कर्मचारी को धार्मिक आधार पर नहीं रोका, बल्कि केवल कंपनी के ड्रेस कोड और प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कहा गया था। उनके अनुसार, मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हिंदू संगठन ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।












