#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम इटैली निवासी सतीश कुमार पुत्र रामसूरत ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव महादेवा निवासी प्रिंस सिंह उर्फ प्रदीप सिंह पुत्र अमरजीत सिंह ने 2 फरवरी 2022 को उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी ने सतीश से 42 हजार रुपये नकद और 8 हजार रुपये गूगल-पे के माध्यम से लिए, कुल 50 हजार रुपये की ठगी की। सतीश कुमार का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी उसे न तो नौकरी मिली और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी प्रिंस सिंह ने फोन उठाना बंद कर दिया और घर पर भी नहीं मिला। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे अपमानित किया और पैसे वापस न करने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पहले थाना दिवस के दौरान नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश का पालन करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
नौकरी के नाम पर 50 हजार की ठगी का आरोप:जातिसूचक गाली और धमकी देने पर एसपी के आदेश से केस दर्ज
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












